मथुरा। इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित कक्षा 10, 11 और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए मुफ्त आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कोर्स शुरू किया जा रहा है। इस कोर्स के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विद्यार्थी 9 अप्रैल तक ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं।
यह ऑनलाइन एआई अवेयरनेस प्रोग्राम 15 अप्रैल से प्रारंभ होगा। इसका उद्देश्य छात्रों को भविष्य की तकनीकों के प्रति जागरूक करना और नई संभावनाओं के लिए तैयार करना है। कार्यक्रम का आयोजन महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय गोरखपुर, महाराणा प्रताप इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के सहयोग से किया जा रहा है।
इस कोर्स में विद्यार्थियों को 20 घंटे का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसमें एआई की बुनियादी जानकारी, उसके उपयोग और संभावनाओं से परिचित कराया जाएगा। कोर्स पूरा करने पर प्रमाणपत्र के साथ दो क्रेडिट प्वाइंट्स भी प्रदान किए जाएंगे, जो उनके शैक्षणिक रिकॉर्ड में जुड़ेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 3 अप्रैल से शुरू होकर 9 अप्रैल तक चलेगी। संवाद