12वीं के गणित का सेकेंड पेपर आउट
- फोटो : अमर उजाला
शुक्रवार को 12वीं के गणित का सेकेंड पेपर आउट हो गया। परीक्षा शुरू होने के साथ ही पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। हालांकि वायरल हुए पेपर में दो ही सवाल थे लेकिन पूरे दिन हड़कंप मचा रहा। छाता के बाबा श्यामदास इंटर कालेज से पेपर लीक होने की बात कही जा रही है। डीआईओएस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
मथुरा में 194 केंद्रों पर इंटर की परीक्षाएं कराई जा रही हैं। 40 हजार 333 परीक्षार्थी इसमें शामिल हो रहे हैं। शुक्रवार को इंटरमीडिएट गणित का सेकेंड पेपर था। दोपहर को दो बजे से पांच बजे तक परीक्षा हुई। परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही गणित का पेपर व्हाट्सएप पर पहुंच गया था। एक नंबर से दूसरे नंबर पर दौड़ने लगा। मीडिया पर भी गूंजने लगा था।
बताया गया कि छाता में बाबा श्यामदास इंटर कालेज से पेपर आउट हुआ है। एक पेपर कालेज के बाहर भी पड़ा मिला है। हालांकि कालेज प्रशासन ने इससे साफ इंकार किया है। डीआईओएस आईपीएस सोलंकी ने बताया कि प्रश्न संख्या 4 का ए और बी भाग सोशल मीडिया पर किसी तरह वायरल हो गया था।
माना जा रहा है कि किसी ने मोबाइल से फोटो खींचा है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। जांच के लिए भी एक कमेटी बना दी गई है। वहीं बाबा श्यामदास इंटर कालेज के केंद्र व्यवस्थापक घनश्याम शर्मा ने बताया कि हमारे यहां से कोई पेपर आउट नहीं हुआ है। यह हमारे खिलाफ साजिश है।
बोर्ड परीक्षाओं में नकल का बड़ा सेंटर बना मथुरा
मथुरा जिला बोर्ड परीक्षाओं में नकल का सबसे बड़ा सेंटर बन गया है। यहां दो से पांच हजार रुपये में पेपर हल कराया जा रहा है। जिले में अभी तक 22 सेंटरों को डिबार करने की संस्तुति की जा चुकी है। जबकि 150 से ज्यादा नकलची पकड़े जा चुके हैं। कहीं बोलकर पेपर हल कराया जा रहा है तो कहीं बोर्ड पर लिखकर।
अफसरों के निरीक्षण में भी यह साफ हो चुका है। लेकिन नकल पर नकेल फिर भी नहीं कसी जा रही है। बताया जाता है कि नकल माफियाओं ने मशीनरी को भी नकल के इस खेल में साझीदार बना लिया है। स्थिति यह है कि जब अफसर निरीक्षण के लिए निकलते हैं तो परीक्षा केंद्रों पर इसकी सूचना पहले ही पहुंच जाती है।