जीएलए विश्वविद्यालय, मथुरा के शिक्षा संकाय में तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड शिविर का आयोजन किया गया। इसमें सभी प्रशिक्षुओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। शिविर में नियमों का पालन करने और धर्म निरपेक्षता से देश की सेवा करने का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण के दौरान स्काउट के संस्थापक और इसके इतिहास के बारे में बताया गया। कमिश्नर नरोत्तम कुमार रावत ने कहा कि कर्तव्यपरायणता और विषय परिस्थिति में कार्य कुशलता, सेवा का भाव स्काउट एवं गाइड के लिए आवश्यक है।
शिविर में प्रशिक्षणार्थियों ने तंबू लगाकर विषम परिस्थितियों में रहने और भोजन व्यवस्था करते हुए कौशल का परिचय दिया।
प्राचार्य डॉ. जया द्विवेदी ने कहा कि स्काउट से हममें जीवन में आने वाली कठिनाइयों से लड़ने की क्षमता विकसित होती है और अनुशासन की सीख भी मिलती है। उन्होंने कहा कि एक स्काउट में सच्चे देशभक्त के सभी गुण होते हैं।
वह साहसिक कार्यों के अलावा विपरीत परिस्थितियों में जनसेवा के लिए भी तत्पर रहता है। शिविर का संचालन प्रमोद कुमार ने किया। प्रवक्ता डॉ. अमित कौशिक, ज्योति शर्मा, हेम कुमार, प्रीति वर्मा और विभाग के सदस्यों ने सहयोग प्रदान किया।