भरतपुर, मथुरा। जिले के नदबई थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले मथुरा के निकले। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने सूत्रधार मनोज की गिरफ्तारी के बाद उसके दो सालों समेत नाबालिग पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। यह मथुरा, अलीगढ़ और उत्तराखंड में दबिश देने गई हैं। घटनाक्रम के अनुसार शनिवार को सुधा चौधरी भरतपुर से बस द्वारा नदबई आईं और बेटे के साथ स्कूटी से घर कासगंज रोड जा रहीं थीं, तभी रास्ते में बाइक पर सवार दो अज्ञात लोगों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। रविवार को सीओ नीतिराज सिंह ने बताया कि दो युवकों ने काले रंग की बाइक पर घटना को अंजाम दिया। सुधा के देवर मनोज को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह मुख्य साजिश कर्ता निकला। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्यारोपियों की पहचान मथुरा जिले के थाना मगोर्रा क्षेत्र के गांव बेरू का नगला निवासी माधव और शिशुपाल के रूप में हुई। वारदात के समय यही दोनों बाइक पर सवार होना बताया जा रहा है। पुलिस ने मथुरा स्थित घर पर दबिश दी पर वहां नहीं मिले। मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर पुलिस अलीगढ़ सहित उत्तराखंड के कई जिलों में दबिश दे रही है। प्रभारी निरीक्षक नदबई श्रवण पाठक ने बताया कि आरोपियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद
25-25 हजार का इनाम घोषित
एसपी मृदुल कच्छावा ने गंभीर प्रकृति के प्रकरण में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग इनामों की घोषणा की है। एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि थाना नदबई में विभिन्न धाराओं में वांछित आरोपी 25 वर्षीय माधव पुत्र हजारी और 30 वर्षीय शिशुपाल पुत्र राधेश्याम निवासी बेरू का नगला, थाना मगोर्रा, जिला मथुरा उत्तर प्रदेश एवं एक नाबालिग आरोपी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
यह है विवाद
मृतका सुधा चौधरी की पूर्व से ससुरालीजनों से रंजिश एवं मुकदमेबाजी चल रही थी। सुधा की पति पुष्पेंद्र से करीब 15 वर्षाें से अनबन थी। इसी दौरान पुष्पेंद्र ने बैरू का नगला, सौंख, थाना मगोर्रा जिला मथुरा उप्र निवासी सुशीला के साथ दूसरी शादी कर ली। मृतका का पुत्र अनुराग सागवान है जबकि सुशीला का पुत्र लव्यांश है। विवाद के दौरान 27 जुलाई 22 को सड़क दुर्घटना में पुष्पेंद्र की मृत्यु हो गई। वह सीआरपीएफ में नौकरी करता था। मृत्यु उपरांत मिलने वाले लाभ-परिलाभों को प्राप्त करने के लिए सुशीला ने अपने आधार कार्ड में संशोधन कराया, जिसका थाना नदबई पर मामला दर्ज है।