मथुरा के कृष्णा नगर क्षेत्र में बाइक सवार दंपती की बस की चपेट में आ गए। हादसे में महिला की माैत हो गई। घटना पर परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने सड़क पर हंगामा करना शुरू कर दिया। इससे जाम के हालात बन गए। सूचना पर पुलिस माैके पर पहुंच गई।
मथुरा के कोतवाली के कृष्णा नगर में बाइक सवार दंपती बस की चपेट में आ गए। हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि पति बाल-बाल बच गए। इधर, घटना के बाद दंपती के परिजन ने रोड जाम कर दिया और हंगामा करने लगे। वहां से गुजर रहे डीएम-एसएसपी की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली और शांत कर परिजन को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इसके बाद परिजन माने।
विज्ञापन
हाईवे थाना क्षेत्र के देवीपुरा निवासी देवीचरण अपनी पत्नी गुड्डी (40) के साथ गोवर्धन चौराहे से भूतेश्वर की ओर जा रहे थे। उसी दिशा में पीछे से बस आ रही थी। कृष्णा नगर चौराहे के पास बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महिला बस के टायर के नीचे आ गईं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति दूर जाकर गिरे। उनकी जान बाल-बाल बची।
घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक व बस को रोड से हटवाया। इसी बीच महिला के परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने रोड जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले हंगामा के बाद लंबा जाम लग गया। पुलिस ने लोगों से समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। वहां से गुजर रहे डीएम चंद्रप्रकाश सिंह व एसएसपी श्लोक कुमार की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों से रोड से हटाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया है कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बस को कब्जे में लिया गया है। प्रार्थना पत्र के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।