मथुरा। छात्रवृत्ति घोटाले में लिप्त शिक्षण संस्थाओं की जांच से शासन संतुष्ट नहीं है। अब छात्रवृत्ति घोटाले की जांच सीडीओ डॉ. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी। इसमें वह सीट, फीस, बिल्डिंग, मान्यता जैसे आठ बिंदुओं पर 562 विद्यालयों की जांच करेंगे। जांच रिपोर्ट सीडीओ को 10 मार्च तक शासन को भेजनी है।
वह अपनी जांच संबंधित एसडीएम के माध्यम से देंगे।
बता दें कि जिले में एक ही बिल्डिंग में अलग-अलग शिक्षण संस्थाएं चल रही थी। हालांकि काफी जांच के बाद भी मामला स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं नियम और कानूनों को ताक पर रखकर शिक्षण संस्थाओं का संचालन कर रहे प्रभावशाली संचालक जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। विगत दिनों पांच फरवरी 2021 को वित्त मंत्री की अध्यक्षता में बैठक आहूत की गई।
इसके बाद आठ अक्तूबर 2020 को गठित राज्यस्तरीय समिति को निरस्त कर दिया और अब बीएड, बीटीसी और समस्त पाठ्यक्रमों में छात्रवृत्ति की जांच अब सीडीओ की अध्यक्षता वाली समिति के सौंपी गई है। इस समिति में समस्त एसडीएम के अतिरिक्त जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शामिल हैं। सीडीओ को समस्त विद्यालयों की मान्यता से लेकर सीट ,फीस ,बिल्डिंग और अन्य कुल आठ बिंदुओं पर रिपोर्ट आगामी 10 मार्च तक शासन को भेजनी होगी। सीडीओ डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि उन्होंने समस्त एसडीएम से अभिलेख मांगे हैं। इन अभिलेखों के आधार पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।