रिफाइनरी। रिफाइनरी थाना क्षेत्र की चौकी बाद के निकट टेंपो स्टैंड पर शुक्रवार दोपहर एक बजे टप्पेबाजों ने वृद्ध और उसकी पत्नी से लाखों रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए।
अलीगढ़ निवासी छत्रपाल शर्मा (75) और उनकी पत्नी मिथलेश देवी शुक्रवार को अपने रिश्तेदार शंभूनाथ शर्मा की बेटी की शादी में शामिल होने मथुरा, कदंब बिहार आए थे। जैसे ही वे औरंगाबाद तिराहे पर चौकी बाद से मात्र बीस कदम की दूरी पर टेंपो से उतरे, वहां खड़े दो युवकों ने उनसे रुकने को कहा और शादी समारोह का हवाला देकर उनका बैग व सामान ले लिया। दोनों युवकों ने वृद्ध दंपति को आसपास कुछ देर घुमाया और मौका पाकर उनसे सोने की दो अंगूठियां, महिला से गले से डेढ़ तोले का पेंडल, दो अंगूठियां और ढाई हजार रुपये लिए और बैग उनके हाथ में थमाकर वहां से निकल गए। पीड़ित दंपती ने राहगीरों व रिश्तेदार को घटना की सूचना दी। वारदात पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित द्वारा तहरीर चौकी पर दी गई है। संवाद