वृंदावन। कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक के पहले शाही स्नान से पूर्व बृहस्पतिवार को डीएम और एसएसपी सहित आलाधिकारियों ने संतों के साथ बैठक की। इस दौरान संतों ने अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। अव्यवस्थाओं पर डीएम ने जल निगम के अधिकारियों की क्लास लगाई।
वृंदावन कुंभ का पहला शाही स्नान 27 फरवरी को है। इससे पहले संतों के साथ व्यवस्थाओं पर जिला प्रशासन ने मंथन किया। इस दौरान संतों ने शिविरों में शौचालयों की गुणवत्ता ठीक नहीं होने, अखाड़ों में पानी के कनेक्शन न होने पर गंभीर चिंता व्यक्त की। इस पर डीएम ने जल निगम के अधिशासी अभियंता की जमकर क्लास लगाई। इस दौरान अपर नगर आयुक्त एके तिवारी ने शौचालयों की समस्या न आने का आश्वासन दिया।
संतों ने कई खालसों में बिजली के तार व्यवस्थित न होने पर भी नाराजगी जताई। इसके अलावा संतों ने सीवर की समस्या भी उठाई। श्रीमहंत धर्मदास महाराज, श्रीमहंत कृष्णदास महाराज, श्रीमहंत राजेंद्र दास महाराज, श्रीमहंत फूलडोल दास महाराज, महंत हरिशंकर नागा आदि ने शिविरों की समस्याओं के साथ शाही स्नान की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। शाही सवारी के मार्गों से अतिक्रमण हटाने और नाली ढकने की बात भी कही।
इसके अलावा शाही सवारी के लिए श्रीबांकेबिहारी मार्ग खोलने की मांग भी संतों ने उठाई। मोबाइल नेटवर्क का मसला भी बैठक में उठा। इस मौके पर डीएम नवनीत चहल, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त रविंद्र कुमार मांदड़, सीडीओ नितिन गौड़, एसपी सुरक्षा रोहित मिश्रा, एसडीएम सदर क्रांतिशेखर सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।