लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन करते धर्म रक्षा संघ के पदाधिकारी।
वृंदावन। पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी सरकार ने संतों एवं हिंदूवादी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन करने पर लाठीचार्ज किए जाने पर ब्रज के समाज समाज में आक्रोश व्याप्त है। धर्म रक्षा संघ के आह्वान पर हनुमान टेकरी आश्रम में संत, महंतों ने सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान संघ के कार्यकारी अध्यक्ष महंत मोहिनी बिहारी शरण ने कहा कि बांग्लादेश की तरह ही पश्चिम बंगाल में भी ममता बनर्जी सरकार द्वारा साधु-संतों और हिंदुओं पर अत्याचार किया जा रहा है। ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाकर मुख्यमंत्री समेत जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही की जाए। संघ के संयोजक आचार्य बद्रीश ने कहा कि हालातों को देख कर लगता है कि पश्चिम बंगाल भी बांग्लादेश का एक हिस्सा हो चुका है। जो अत्याचार बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहा है, उसी प्रकार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री संतों व हिंदुओं पर कर रही है। ऐसी सरकार को बर्खास्त करना चाहिए। महंत दशरथ दास ने कहा कि शांतिप्रिय प्रदर्शन करने वाले साधु-संतों के पर लाठी चार्ज करना निंदनीय है। आगामी चुनाव में ममता बनर्जी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।प्रदर्शन करने वालों में संघ के अध्यक्ष सौरभ गौड़, राष्ट्रीय महासचिव महंत अतुल कृष्ण दास, महंत देवानंद वन महाराज, महामंडलेश्वर आदित्यानंद, महामंडलेश्वर कृष्णानंद, महामंडलेश्वर रामदास, महामंडलेश्वर परमेश्वर दास त्यागी, श्री दास प्रजापति, आचार्य ज्ञानेश आदि उपस्थित रहे।