केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री साध्वी निरंजना ज्योति ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान पर हमला बोलते हुए कहा कि देश ने उन्हें सम्मान एक एक्टर के नाते दिया है, मुस्लिम के नाते नहीं।
उन्हें इसी रूप में फिल्म में पेश होना चाहिए, विशेष मानसिकता के साथ डायरेक्टर बनने की कोशिश न करें। साध्वी ने शाहरुख की फिल्म के विरोध का समर्थन किया और कहा कि बेहतर होगा शाहरुख भारत में रहकर भारत की ही बात करें।
शनिवार को मथुरा आई केंद्रीय राज्यमंत्री ने प्रेस से रूबरू होते हुए प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आजम खां पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजम खां सपा की नौका डुबोने का काम कर रहे हैं।
संत समाज के खिलाफ बोलना आजम खां की हिस्ट्री बन गई है। जनता प्रदेश सरकार से चार साल का हिसाब न मांगे इसलिए ध्यान भटकाया जा रहा है। बीजेपी नेता ने कहा कि 2017 में भाजपा अपने दम पर ही चुनाव लड़कर सत्ता में आएगी।
नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया-राहुल की कोर्ट में पेशी पर मंत्री निरंजना ज्योति ने कहा कि सभी को कोर्ट का सम्मान करना चाहिए। यह मामला कांग्रेस शासन काल का है। कांग्रेस बेवजह एक माह से संसद नहीं चलने दे रही है। जीएसटी बिल पास न होना साबित करता है कि कांग्रेस को अपनी हार अब तक हजम नहीं हुई और वह जनहितकारी कार्यों में अवरोध पैदा कर रही है।
साध्वी ने मुसलमान होकर भी हनुमान जी का मंदिर बनाने वाले मुंशी खां का स्वागत किया। इससे पहले उपजा के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु के नेतृत्व मे संगठन ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कुंवर सिंह निषाद भी मौजूद थे।