मथुरा। नए बस स्टैंड के समीप रेलवे द्वारा बिछाई जा रही नई लाइन के लिए पुल का निर्माण कराने के कारण आने वाले दिनों में राहगीरों को समस्या झेलनी पड़ेगी। एक सप्ताह तक एक साइड पर आवागमन बंद रहेगा। इसी तरह अगले सात दिन दूसरी साइड पर वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इस दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए रूट डायवर्जन किया जाएगा।
इस संबंध में बृहस्पतिवार को डीएम चंद्रप्रकाश ने रेलवे, नगर निगम और यातायात पुलिस अधिकारियों के साथ कार्यालय में बैठक की। उन्होंने यातायात विभाग को डायवर्जन प्लान बनाने के साथ आवागमन व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नगर आयुक्त जग प्रवेश से जलभराव आदि कार्य में सहयोग करने को कहा है। रेलवे अधिकारियों ने डीएम को बताया, रेलवे द्वारा डाली जा रही नई लाइन का कार्य अब युद्ध स्तर पर कराया जाएगा।
इसके लिए नए बस स्टैंड पर पुल निर्माण का कार्य होना है। ये कार्य जल्द शुरू होगा। कार्य शुरू कराने के लिए यातायात व्यवस्थित करना आवश्यक है। ये कार्य 15 दिन चलेगा। इसीलिए उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान रूट डायवर्जन करने की मांग की है। डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सहयोग करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में एसपी सिटी राजीव कुमार, एसपी ट्रैफिक राजेश तिवारी, सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार आदि मौजूद रहे।