रमनलाल शोरावाला इंटरनेशनल स्कूल रावल में चल रही आठवीं मिनी और 10वीं सब जूनियर राज्यस्तरीय रोल बॉल प्रतियोगिता का मंगलवार को समापन हो गया। इसके सब जूनियर मुकाबले के बालक वर्ग में मुरादाबाद और बालिका वर्ग में लखनऊ ने स्वर्ण पदक जीता।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि अनिल शर्मा, बीएन गुप्ता, चित्रलेखा भारद्वाज, राजीव भारद्वाज और विजय गोयल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसके बाद सब जूनियर वर्ग के बालक वर्ग के फाइनल मेें मुरादाबाद ने बरेली को 5-2 से हराया। बालिका वर्ग में लखनऊ ने आगरा को 4-3 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। बालिका वर्ग में मुरादाबाद और गाजियाबाद को कांस्य पदक मिला। मिनी वर्ग में बालक वर्ग में गाजियाबाद ने मुरादाबाद को 4-2 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। आगरा और फीरोजाबाद को कांस्य पदक मिला।
बालिका वर्ग में लखनऊ ने गाजियाबाद को 6-0 से हराया। मिनी वर्ग में तोयजा कपिल को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। मुरादाबाद के अनुज कुमार और लखनऊ की काशिका यादव को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष और रमनलाल इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन योगेंद्र गोयल, उत्तर प्रदेश रोल बॉल संघ के सचिव कन्हैया गुर्जर ने प्रदेश में चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। नीरज श्रीवास्तव, संतोष श्रीवास्तव, संजय शर्मा, रविंद्र कपिल, स्टीव राईट, छत्रपाल, शिवम शर्मा, डॉ. अभय सिंह, धीरेंद्र प्रताप, आभा शर्मा निर्णायक मंडल में रहे। स्कूल के प्रधानाचार्य एसके शर्मा ने सभी को धन्यवाद दिया।