थाना नौहझील के गांव कटैलिया बाघई निवासी शातिर लुटेरे योगेन्द्र उर्फ योगेश को पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान भागने पर दबोच लिया। एक्सप्रेसवे पर आए दिन लूट कर भाग जाने वाले योगेन्द्र पर पांच हजार रुपये का इनाम था। उससे लूटी गई काली पल्सर बाइक बरामद की है।
थानाध्यक्ष बलदेव रात 11 बजे शेरगढ़ रोड स्थित चेकपोस्ट पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बाइक को रोका तो पुलिस को यकायक देखकर बाइक सवार बाइक छोड़ खेतों की ओर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर युवक को दबोच लिया। तलाशी में उससे तमंचा, कारतूस और अन्य सामान मिला। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम योगेन्द्र उर्फ योगेश निवासी गांव कटैलिया बाघई बताया। पुलिस उसे थाने ले आई।
नौहझील थाने में 2011 से अब तक उसके खिलाफ लूट के 14 मामले दर्ज हैं। बताया कि योगेन्द्र यमुना एक्सप्रेसवे के निर्माण और चालू होने के समय से दोपहर और शाम के वक्त अक्सर लूट करता रहा है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि गांव अवाखेड़ा के निकट एक्सप्रेसवे सड़क निचाई पर है।
वह दो साथियों के साथ जाकर एक्सप्रेसवे के तार काटकर सड़क पर बाइक को उठाकर चढ़ा लेते हैं और आसपास ही लूट कर भाग जाते हैं। जब तक पुलिस पहुंचती है वे दूसरी जगह से उतरकर अलीगढ़, जेवर टप्पल की ओर भाग जाते हैं।