वृंदावन। मथुरा-वृंदावन नगर निगम द्वारा वृंदावन जोन में 13 क्षेत्रों में सड़कों और दूषित पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी शुरुआत निगम के निर्माण विभाग द्वारा कर दी है। इस कार्य में लगभग 1.30 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल ने वृंदावन जोन कार्यालय में यह स्वीकृति दी कि सभी वार्ड में प्रमुखता के आधार पर सड़कों का निर्माण होगा। सभी 13 वार्डों में एक-एक सीसी रोड या इंटर लॉकिंग टाइल्स से मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए निगम से लगभग 1.30 करोड़ रुपये भी स्वीकृत हो गए हैं।
निगम द्वारा वृंदावन जोन में कीकी का नगला, सुनरख, धौरेरा, सरस्वती विहार, शंकर सिंह धर्मशाला के पास, रॉयल भारती के पास, तराश मंदिर के पास, पीली कोठी के पास, गोपीनाथ बाजार क्षेत्र, सनेह बिहारी मंदिर के पास, गोपीनाथ बाग, राधानिवास, गोधुलिपुरम में सड़कों और घरों के दूषित पानी की निकासी लिए नाली का निर्माण किया जाएगा। नगर निगम निर्माण विभाग के जेई अरुण कुमार ने बताया कि वृंदावन जोन के 13 क्षेत्रोंं में आवश्यकता अनुसार सीसी और इंटर लॉकिंग टाइल्स सड़क एवं नाली का निर्माण किया जा रहा है।