मांट विधानसभा क्षेत्र के शेरगढ़ कस्बे में आयोजित चुनावी सभा में सांसद हेमामालिनी के सामने भड़काऊ भाषण दिया गया। ऐसे शब्दों का प्रयोग हुआ जिससे माहौल खराब हो सकता था। प्रशासन ने वीडियो रिकार्डिंग देखने के बाद प्रत्याशी एसके शर्मा और भाजयुमो के पूर्व प्रदेश महामंत्री कुंवर सिंह निषाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
मांट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एसके शर्मा के समर्थन में शेरगढ़ कस्बे में एक चुनावी सभा का आयोजन किया गया था। यहां सांसद हेमामालिनी बतौर मुख्या वक्ता थीं। भाषणों का सिलसिला चल रहा था। इसी दौरान किसी ने प्रशासन को सूचना दी कि सभा में भड़काऊ शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। इत्तला पाकर उड़नदस्ता प्रभारी मनोज कुमार यादव अपनी टीम के साथ पहुंचे।
बताया जाता है कि उस वक्त भाजयुमो के पूर्व प्रदेश महामंत्री कुंवर सिंह निषाद भाषण दे रहे थे। उन्होंने अपने भाषण में कुछ ऐसे शब्दों का प्रयोग किया जो माहौल को बिगाड़ सकते थे। अपर जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि भड़काऊ भाषण देने के मामले में भाजपा प्रत्याशी एसके शर्मा और कुंवर निषाद के खिलाफ शेरगढ़ थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है।
मजिस्ट्रेट ने पहुंचकर बंद कराई रागिनी
कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर के समर्थन में सारंग विहार में हो रही सभा में रागिनी का भी आयोजन हो रहा था। मगर अनुमति नहीं थी। इस पर यहां पहुंचे मजिस्ट्रेट ने तत्काल रागिनी का आयोजन बंद करा दिया था।