वृंदावन (मथुरा)। अखिल भारतीय स्वामी श्रीहरिदास संगीत एवं सांस्कृतिक सम्मेलन संस्थान के तहत राधाष्टमी और संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास महाराज का जयंती महोत्सव आठ व नौ सितंबर को मनाया जाएगा।
दुसायत स्थित श्रीराधा सनेह बिहारी मंदिर में होने वाले इस आयोजन में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार भाग लेंगे। संगीत कला के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए कलाकारों का सम्मान किया जाएगा। सम्मेलन के लिए केंद्र व प्रदेश के मंत्रियों को भी निमंत्रित किया गया है।
सोमवार को आचार्य अतुल कृष्ण गोस्वामी की अध्यक्षता में समारोह की व्यवस्थाओं के लिए संयोजन समिति का गठन किया गया है। समिति में प्रदीप गोस्वामी सचिव, पं. बिहारीलाल वशिष्ठ संयोजक होंगे। स्वामी बल्लभ महाराज, पं. मुकेश गौतम, पं. रमेश दत्त शर्मा, बालो पंडित, पं. रामविलास चतुर्वेदी आदि को सहसंयोजक बनाया गया है।
वहीं, स्वामी हरिदास रसोपासनापीठ सेवा संस्थान द्वारा रसोपासना पीठ में 30 अगस्त से सात सितंबर तक स्वामी हरिदास आविर्भाव महोत्सव मनाया जाएगा। बाबा गोपाल दास के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में गायन, नृत्य, पद, भजन गायन आदि आयोजन किए जाएंगे। कार्यक्रम में ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से संगीत शिरोमणि स्वामी हरिदास जी को नमन करेंगे।