मथुरा। गोवर्धन तहसील के गांव सौंख देहात के बाद अब महावन तहसील के गांव खानपुर के कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इस कोटेदार द्वारा राशन वितरण में निरंतर अनियमितताएं बरती जा रही थीं। छाता तहसील में फॉलैन की जांच अभी जारी है। हालांकि 10 दिन से चल रही राशन वितरण की निर्धारित प्रक्रिया में अब तक 3.94 लाख परिवारों को राशन दिया जा चुका है।
जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि महावन तहसील अंतर्गत गांव खानपुर के कोटेेदार सपना द्वारा राशन वितरण में की जा रही अनियमितता की शिकायत प्रशासनिक अफसरों तक पहुंच रही थीं। इसकी जांच पूर्ति निरीक्षक प्रीति सिंह द्वारा की गई। उक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर कोटेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इससे पहले गोवर्धन तहसील के गांव सौंख बिहारी मनहोती के खिलाफ भी कार्रवाई हो चुकी है। छाता में फालैन की जांच लंबित है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि एक अप्रैल से जनपद में शुरू हुए राशन वितरण की प्रक्रिया के तहत अबतक 3.94 लाख परिवारों को 8500 क्विंटल राशन वितरित किया जा चुका है। यह प्रक्रिया अभी जारी है। 12 अप्रैल राशन का वितरण किया जाएगा। इसके बाद 15 अप्रैल उपरांत चावल वितरित होगा।
सामाजिक दूरी के आदेश
शुक्रवार को राशन वितरण की समीक्षा शासन स्तर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से ली गई है। इसमें जनपदीय अधिकारियों को राशन वितरण के दौरान सामाजिक दूरी का खास ध्यान रखने के निर्देश दिए। कहा कि किसी भी स्तर पर इसका उल्लंघन नहीं होना चाहिए। प्रशासनिक अधिकारी भी इस व्यवस्था की निरंतर निगरानी करते रहें।