राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के 18 नवंबर को वृंदावन आने के कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। गुरुवार को डीएम राजेश कुमार ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रपति के संभावित कार्यक्रम स्थल, सड़क मार्ग देखने के साथ वृंदावन पानीगांव रोड पर स्थित पवन हंस के हेलीपैड स्थल का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजकों से भी चर्चा की।
राधारमण मंदिर के सेवायत पद्मनाभ गोस्वामी ने पिछले दिनों महामहिम राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी से राष्ट्रपति भवन में भेंट कर वृंदावन में आयोजित होने जा रहे चैतन्य महाप्रभु पंचशती समारोह में आने का निमंत्रण दिया। जिसे उन्होंने सहज स्वीकार करते हुए ठाकुर राधारमणलालजी के दर्शन की अभिलाषा भी जाहिर की। महामहिम के वृंदावन आने के कार्यक्रमों के दृष्टिगत डीएम राजेश कुमार, एसपी सिटी शैलेष पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट विजय सिंह, विद्युत विभाग के एक्सईएन वीपी सिंह, एसडीओ हाकिम सिंह, नगर पालिका के ईओ रामआसरे कमल के साथ पहले कार्यक्रम स्थल परमेश्वरी देवी धानुका विद्यालय पहुंचे।
यहां उन्होंने आयोजक पद्मनाभ गोस्वामी, डा. शिशुपाल सिंह, सोहन झा, पदमलोचन, पोहप सिंह आदि से राष्ट्रपति के कार्यक्रम से संबंधित जानकारी ली और राधारमण मंदिर और गोपीनाथ बाजार स्थित चैतन्य महाप्रभु के मंदिर तक मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने वृंदावन पानीगांव मार्ग पर स्थित पवनहंस के हेलीपैड का भी स्थलीय निरीक्षण कर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से झाड़ियां कटवाने के आदेश दिए। डीएम राजेश कुमार के अनुसार राष्ट्रपति का कार्यक्रम राधारमण मंदिर में दर्शनों के साथ चैतन्य महाप्रभु मंदिर में आयोजित होने वाले पंचशती कार्यक्रम में सम्मलित होने, परमेश्वरी देवी धानुका विद्यालय में लोगों को संबोधित करने का है।