रैपिड एक्शन फोर्स के जवान ब्रज के प्रमुख मंदिरों, भीड़भाड़ वाले इलाके, रिफाइनरी की सुरक्षा और आपातकाल को लेकर रिहर्सल करेंगे। इसके लिए आरएएफ के 60 जवानों की एक टीम मथुरा आई है।
टीम के लोगसीआरपीएफ जवानों के साथ मथुरा रिफाइनरी, श्रीकृ ष्ण जन्मस्थान, द्वारिकाधीश, बांके बिहारी, इस्कान मंदिर, गोवर्धन में दानघाटी, बरसाना के लाड़ली मंदिर, बलदेव में दाऊजी मंदिर और अन्य मंदिरों की सुरक्षा व आपातकाल के बाद की स्थिति का जायजा लेगी।
एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि टीम के जवान बुधवार से काम शुरू कर देंगे और गोपनीय सूचनाओं को साझा करेंगे। इधर ब्रज में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों और संदिग्धों की टोह के चलते एसएसपी ने अलग से क्रिमिनल इंटेलीजेंस टीम का गठन किया है।
यह टीम स्वाट टीम के समकक्ष ही काम करेगी। एसएसपी मंजिल सैनी ने बताया कि टीम के प्रभारी राजेंद्र सिंह नागर सहित आठ लोगों को संदिग्ध लोगों और हार्ड क्रिमिनलों को पकड़ने के काम पर लगाया है।
क्रिसमस पर गिरजाघरों पर रहेगी पुलिस
आतंकी हमले को लेकर बरती जा रही सतर्कता के चलते क्रिसमस वाले दिन गिरजाघरों पर पुलिस तैनात रहेगी। इस मामले में एलआईयू से शहर और कोसीकलां के सभी गिरजाघरों की सूची मांगी गई है। एसएसपी ने सभी गिरिजाघरों में पुलिस तैनात करने के आदेश दिए हैं।
डॉग स्क्वायड, पीएसी संग परखी सुरक्षा
आतंकी हमले की आशंका के चलते रिफाइनरी पुलिस और सीओ रिफाइनरी आसपास के इलाकों में डॉग स्क्वायड और पीएसी के साथ चेकिंग कराई। इसमेें रिफाइनरी के मेन गेट, बाटलिंग प्लांट, नौ नंबर गेट, एचपीसीएल, बीपीसीएल, बिग बाजार, आईओटीएल, टाउनशिप गेट और अन्य स्थानों पर गहन चेकिंग कराई।