प्राचीर छूकर पहलवान दानवीर बने विजेता
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर भारत के प्रसिद्ध रंगजी मंदिर के प्रांगण में शनिवार की शाम लट्ठा मेला देखने के लिए दर्शनार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। वृंदावन और आसपास के ग्रामीण अंचल के हजारों लोगों ने इस आयोजन का आनंद लिया। लट्ठे की प्राचीर तक पहुंचने में पहलवान दानवीर ने सफलता हासिल की।
इससे पूर्व मंदिर प्रांगण में भगवान रंगनाथ की सवारी निकाली गई। भव्य पालकी में सवार होकर भगवान रंगनाथ के दर्शन कर श्रद्धालु अपने को धन्य मान रहे थे। सवारी पश्चिम द्वार पर पहुंची तब दुसायत के अंतर्यामी अखाड़े के पहलवानों ने भगवान की पालकी को प्रणाम कर लट्ठे पर चढ़ने की अनुमति मांगी। लगभग 40 फुट ऊंचे लट्ठे को पूर्व में विविध प्रकार के लेपों से चिकना किया गया।
पहलवानों ने पिरामिड की आकृति बनाकर लट्ठे पर चढ़ना शुरू किया। वे जब भी लट्ठे के ऊपर रखे लोटे तक पहुंचने का प्रयास करते, तभी ऊपर बैठे लोग उनके ऊपर तेल हल्दी मिश्रित पानी डालकर प्रयास को विफल कर देते। पहलवानों का यह प्रयास सफलता मिलने तक जारी रहा। इस अवसर पर खलीफा ठाकुर गिर्राज सिंह के निर्देशन में पहलवान दानवीर ने खंभे की प्राचीर पर पहुंचकर विजय हासिल की। उनके सहयोग में संजय, केशव, रतन, कालीचरण आदि रहे। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया।