रक्षा बंधन के अवसर पर ठाकुर जी को राखी बांधती हुई बालिका
- फोटो : VRINDAVAN
मथुरा। रक्षाबंधन के पर्व पर ठाकुर द्वारिकाधीश जी महाराज को राखियां धराई गईं। देश-विदेश से आईं भक्तों और बहनों की राखियों को ठाकुरजी के श्रीचरणों में अर्पित कर दिया गया।
मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया भक्तों ने ठाकुरजी के लिए डाक व कोरियर के अलावा विभिन्न माध्यमों से राखी भेजीं। इन राखियों को भक्तों की भावना के अनुरूप ठाकुरजी के चरणों में अर्पित किया गया। वहीं, कई भक्त भी अपने हाथ में राखी लेकर आए और भावनात्मक रूप से ठाकुरजी के चरणों में अर्पित कीं। मंदिर के अधिकारी अशोक कुमार शर्मा रोकड़िया, सत्यनारायण शर्मा समाधानी, राजीव चतुर्वेदी, बृजेश चतुर्वेदी, मुखिया सुधीर कुमार, जीतू, कन्हैया, प्रकाश चंद आदि मौजूद थे।
इधर, प्राचीन केशव देव मंदिर में श्रावण राखी पूर्णिमा के उपलक्ष्य में ठाकुरजी का सेवायत गोस्वामी शंकरलाल, मुन्नीलाल, श्यामाचरण एवं गौरव गोस्वामी द्वारा संयुक्त रूप से मंत्रोच्चारण के बीच अभिषेक कराया तथा ठाकुरजी को नवीन पोशाक धारण कराई गई। रजत हिंडोले में विराजमान किया गया। घेवर-फैनी, फल, फूल का बंगला सजाया गया। अन्य रजत हिंडोले में माता रुक्मिणी-राधा एवं दूसरे रजत हिंडोले में गोपाल जी महाराज को सेवायतों द्वारा झूला झुलाया गया। रंग बिरंगी लाइटों से मंदिर प्रांगण जगमग हो रहा था। इस सेवा में मनमोहन सराफ, महेश गोयल, सुरेश अग्रवाल, कमेटी अध्यक्ष पंडित सोहन लाल शर्मा, मीडिया प्रभारी नारायण प्रसाद शर्मा थे।