स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को सौंख और गोवर्धन क्षेत्र में झोलाछापों के यहां तालाबंदी कर उन्हें नोटिस थमाए। यहां इनके पास चिकित्सा उपकरण भी सजे मिले। बता दें कि हाईकोर्ट ने प्रदेश भर में झोलाछापों की संख्या, उनके खिलाफ की गई कार्रवाई और कराई गई एफआईआर का ब्योरा मांगा है।
एक सप्ताह पहले ये फरमान सीएमओ कार्यालय पहुंचा तो यहां भी खलबली मच गई। इस कार्रवाई को कोर्ट की सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है।
जिले में देहात क्षेत्रों में झोलाछापों की भरमार है, वायरल, मलेरिया के कहर में इन झोलाछापों ने जमकर चांदी काटी है। आरोप लगते रहे हैं कि इन्हें विभागीय अधिकारियों की सह मिली हुई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विवेक मिश्रा ने बताया कि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. ब्रजेश खन्ना के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की टीम ने सौंख में डा. भारती कुमारी और अड़ींग में डा. साधू की दुकानों को सील कर नोटिस दिया है।
इसके अलावा सौंख में दाऊदयाल, रामकिशन, सोनू और गोवर्धन में भान सिंह, टीपी सिंह अपना रजिस्ट्रेशन, डिग्री संबंधी कागज नहीं दिखा सके। इस पर इनको नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।