कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ढेरों वादे करने वाले मोदी पीएम तो बन गये लेकिन वादे पूरे नहीं किए। वह किसानों से मिलते हैं, किसान अब उनकी निंदा ही नहीं करते बल्कि गालियां देते है। मोदी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सारा विपक्ष मिलकर भी जितना नुकसान नहीं पहुंचा पाता, वह नुकसान मोदी खुद को पहुंचा रहे है। राहुल गांधी ने कहा कि एक दिन मोदी को नीचे आना है, कांग्रेस को उस जगह को भरना है। आरएसएस पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि इस संगठन में मुखिया जो कह देता है उसे ही सबको मानना पड़ता है।
सोमवार को वृंदावन में बिहारीजी के दर्शन करने के बाद सीधे मथुरा के सम्मेलन में पहुंचे राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी नहीं परिवार है। यहां सबकी सुनी जाती है। इसके विपरीत आरएसएस में विचार धारा थोपी जाती है। मोहन भागवत का नाम लेते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह यदि आसमान का रंग काला बता दें तो सभी को काला ही कहना पड़ता है, यह विचारधाराओं का फर्क है। हम यूपी भले ही चौथे स्थान पर है, लेकिन हमारी विचारधारा अव्वल है। मोदी को निशाने पर लेते हुए राहुल गांधी ने मंच के सामने बैठीं रीता बहुगुणा जोशी से पूछा की आपके खाते में पंद्रह लाख आए क्या, रीता ने कहा नहीं।
इस पर राहुल ने कहा न आए हैं और न आएंगे। राहुल ने कहा कि मोदी ने तरह तरह के वादे चुनाव में कर डाले। अब युवा रोजगार मांग रहा, जनता अपने खाते में पंद्रह लाख आने की बात पूछ रही लेकिन उनके पास कोई जवाब नहीं है। किसानों की आत्महत्या का जिक्र करते हुए राहुल ने कहा कि किसान मर रहे हैं लेकिन मोदी सब वादे भूल गये हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी कांग्रेस के लिए विपक्ष बन गए हैं।
वह कांग्रेस पर फोकस करते हैं। आरएसएस के लोग हमारी विचारधारा को जीवित रखते हैं। इससे कांग्रेस को फायदा हो रहा है। कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री ने यूपी की सरकार पर हमला किया। उन्होंने इसे माफिया की सरकार बताते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार सरकार का विरोध कर रही है, हमारे कार्यकर्ता लाठी डंडे खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में कांग्रेस की बारी है और कार्यकर्ताओं का संघर्ष एक बार फिर प्रदेश में पार्टी को सत्ता तक ले जाएगा।
सम्मेलन में प्रमुख रूप से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मधुसूदन मिस्त्री, मोहसिना किदवई, कांग्रेस के नेता विधानमंडल दल प्रदीप माथुर, कांग्रेस के नेता विधान परिषद नसीब पठान, पूर्व सांसद राजबब्बर मंचासीन थे। इसके अलावा अनिल शास्त्री, सांसद प्रमोद तिवारी, पीएल पूनिया, राशिद अल्वी, श्रीप्रकाश जायसवाल, आदित्य जैन, जतिन प्रसाद, अखिलेश सिंह, आरपीएन सिंह, कुंवर नरेंद्र सिंह, रत्ना सिंह, डा. संजय सिंह, राजेशपति त्रिपाठी, अजय राय आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।