कोसीकलां (मथुरा)। मंदी की मार से इन दिनों बाजार सुस्त पड़ा हुआ है, लेकिन रामलीला महोत्सव के उत्साह पर इसका जरा भी असर नजर नहीं आ रहा है। श्रीरामलीला संस्थान द्वारा मेले में इस बार रावण का कद 80 फीट का होगा। संस्थान इस बार 200 वां महोत्सव मना रहा है।
नगर में 25 सितंबर से झंडा पूजन के साथ श्रीरामलीला महोत्सव का आगाज हो जाएगा। 26 सितंबर को महाराजा रावण की सवारी निकाली जाएगी, जबकि 27 सितंबर से रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन शुरू होगा। संस्थान के अध्यक्ष राहुल जैन कांमियां ने बताया कि गत वर्ष रावण 60 फीट का था। इस बार दशानन का 80 फीट के आकार का होगा। पुतला बनने का कार्य 20 दिन पहले शुरू हो गया है। बताया कि इस बार दशानन के पुतले को पहले से अधिक बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। जो रंगाई-पुताई के अलावा सजावट का कार्य भी शुरू हो गया है।
बताया कि दशानन के पुतला को क्रेन द्वारा खड़ा किया जाएगा। आर्य नगर में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में लायंस क्लब इंटरनेशनल फाउंडेशन के राष्ट्रीय कोआर्डिनेटर पीसी जैन ने बताया कि भरत मिलाप मेला पहले से अधिक भव्य होगा। संस्थान अबकी बार 200 वां महोत्सव मना रहा है। कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण के माध्यम से सीएम योगी आदित्यनाथ को मेले में शामिल होने का न्यौता भेजा गया है।