मथुरा। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारियों ने शनिवार को बलदेव क्षेत्र में घटिया मक्का बीज से प्रभावित किसानों के खेतों का हाला जाना और उनकी व्यथा सुनी। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला तो जिला कृषि अधिकारी कार्यालय पर 23 जून को आंदोलन होगा।
पदाधिकारियों ने बताया कि बलदेव के दघेंटा गांव में आसपास दो खेतों में अलग-अलग कंपनियों के बीज बोए गए थे। एक खेत में पायनियर कंपनी का बीज डाला गया था, जिसकी फसल शानदार है और भुट्टों में दाने पूरी तरह ठीक हैं। वहीं, ठीक बराबर के खेत में हिल इंडिया लि. कंपनी का बीज बोया गया था, जिसमें भुट्टे तो आए हैं, लेकिन अधिकांश में दाना नहीं है। इससे साफ है कि तापमान के कारण मक्का की फसल में नुकसान नहीं हुआ है। सिर्फ घटिया बीज की कमी से अधिकांश भुट्टों में दाने नहीं आए हैं। किसानों का आरोप है कि उन्हें खरीद केंद्र पर घटिया या एक्सपायर्ड बीज थमा दिया गया।
किसान नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के भीतर कृषि विभाग की टीम ने खेतों का सर्वे कर पीड़ित किसानों के लिए उचित मुआवजे की घोषणा नहीं की और दोषी कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई (प्राथमिकी) दर्ज नहीं हुईतो वह उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे। इस दौरान संगठन के मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर, उदय सिंह सरपंच, अवधेश रावत, मुकेश सिंह रावत, प्रेम सिंह सिकरवार, लाल सिंह तोमर, सत्य प्रकाश सहित अन्य किसान मौजूद रहे।