विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर को अधिग्रहण करने की प्रदेश सरकार की मंशा के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद ने शनिवार को बैठक कर इसका पुरजोर विरोध करने का निर्णय लिया है। इसमें मंदिर के अनेक सेवायत गोस्वामियों ने भी सहभागिता कर सरकार के इस निर्णय की निंदा की है। मंदिर अधिग्रहण करने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
वीआईपी मार्ग स्थित मोहनबाग में हुई बैठक में विहिप नगर अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि हिंदू समाज के प्रमुख आधार ठाकुर बांकेबिहारी महाराज और प्रमुख शक्तिपीठों में शामिल मिर्जापुर के विंध्यवासिनी मंदिर का अधिग्रहण करने का सरकार कई वर्षों से षड्यंत्र रच रही है, जिसे हिंदू समाज कभी बर्दास्त नहीं करेगा।
विहिप संरक्षक देवेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आजतक किसी मस्जिद का अधिग्रहण वोट बैंक के डर से नहीं किया, लेकिन हिंदू को कमजोर समझकर सरकार ऐसी योजना बना रही है। इसे हिंदू समाज कभी साकार नहीं होने देगा।
बांकेबिहारी मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष घनश्याम गोस्वामी और विहिप नेता जगदीश जादौन ने कहा कि राज्य सरकार की नजर मंदिर में आने वाले चढ़ावे और आमदनी पर लगी हुई है। इस अवसर पर रजत गोस्वामी, ब्रजेश गोस्वामी, अमित, सोमनाथ, मोहनलाल मोही, तरुण, कृष्णा, बसंत, मोहित, अविनाश, राजुल आदि उपस्थित रहे।