खपाटिया कुंज पर अवैध कब्जे का विरोध
- फोटो : अमर उजाला वृंदावन
केशीघाट स्थित प्राचीन खपाटिया कुंज पर एक बार फिर कब्जे की कोशिश की जा रही है। मामले में संत और हिंदूवादियों ने शनिवार को खपाटिया कुंज में बैठक की और पुलिस को चेतावनी देते हुए आईजी-डीआईजी को पत्र लिखा है।
महंत हरिबोल बाबा महाराज की अध्यक्षता में धर्म रक्षा संघ और नगर के संत समाज की बैठक हुई। इसमें धर्म रक्षा संघ के अध्यक्ष सौरभ गौड़ ने कहा कि वृंदावन की पहचान प्राचीन कुंज, घाट, आश्रम और मंदिरों से ही है। इन पर अवैध कब्जा नहीं होने देंगे। कांग्रेस के नगर अध्यक्ष नूतन बिहारी पारीक ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक प्रदीप माथुर इस मसले पर विधानसभा में प्रश्न उठाकर सरकार से जवाब मांगेंगे।
महंत जुगल किशोर ने कहा कि भूमाफियाओं ने खपाटिया कुंज में अवैध कब्जे की नीयत से कई बार हमला कर कुंज में रह रही महिलाओं से अभद्रता भी की लेकिन आज तक पुलिस कार्रवाई न हेने से आरोपियों के हौसले बुलंद हैं।
राधारमण मंदिर के सेवायत अनुभूति कृष्ण गोस्वामी और मदन शर्मा ने कहा कि प्रशासन की ओर से कुंज की सुरक्षा के लिए कार्रवाई न होने पर 21 मई से नगर में संतों और हिंदूवादियों द्वारा भूमाफियाओं व प्रशासन के विरुद्ध उग्र आंदोलन चलाया जाएगा। इस अवसर पर विभूतिकृष्ण गोस्वामी, राजीव मिश्रा, संतोष शर्मा, धमेंद्र, सभासद जितेंद्र वार्ष्णेय, ब्रजेंद्र तिवारी, श्याम बिहारी सिद्ध, गोविंद महंत आदि उपस्थित थे।