नया ट्रैफिक प्लान तीसरे सप्ताह ट्रायल के पहले दिन शनिवार को भी सफल दिखा। नगर में कहीं जाम नहीं लगा। इस सप्ताह से प्रशासन ने ट्रैफिक प्लान में थोड़ा बदलाव किया। सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक की बजाय शनिवार को सुबह 8 से रात 8 बजे तक ही बाहरी चौपहिया वाहनों की नो एंट्री रही।
नगर के छटीकरा-वृंदावन मार्ग, यमुना एक्सप्रेसवे, मथुरा-वृंदावन मार्ग सहित नौ नाकों पर बाहरी वाहनों को रोकने के लिए शनिवार सुबह से पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। पार्किंग संचालकों का कहना था कि नए ट्रैफिक प्लान में श्रद्धालु और पर्यटक अब सहयोग कर रहे हैं।
शनिवार को पार्किंग स्थलों से मंदिरों तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था पर्याप्त नहीं रही। नो एंट्री का असर नगर की सड़कों पर साफ दिखा। हरिनिकुंज चौराहा, विद्यापीठ चौराहा, वीआईपी मार्ग, परिक्रमा मार्ग, अट्टला चुंगी, सीएफसी चौराहा आदि प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति दिखाई नहीं दी।