मथुरा। उत्तर मध्य रेलवे की मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने मंगलवार को जंक्शन पर निरीक्षण किया। साफ-सफाई व्यवस्था देखी। खान पान की स्टॉल भी जांची। निरीक्षण में तीन सफाई मशीनें खराब मिली।
जंक्शन रेलवे स्टेशन की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरती जा रही है। इसका खुलासा मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के निरीक्षण में हुआ। दोपहर के वक्त मंडल वाणिज्य प्रबंधक जंक्शन पर औचक निरीक्षण करने पहुंची। सबसे पहले उन्होंने सफाई कक्ष के रजिस्टर चेक किए। पता चला कि सफाई में लगी तीन मशीनें काफी समय से खराब हैं। प्लेटफार्म नंबर आठ पर कई स्थानों पर गंदगी नजर आई तो संबंधित कर्मचारियों को फटकार भी लगाई। इसके साथ ही उन्होंने पेड़े और पेठे की स्टॉल की भी जांच की। सभी स्टॉल संचालकों को ताजा सामान बेचने की सख्त हिदायत दी। चेतावनी दी कि किसी स्टॉल पर पुराना या खराब सामान बिक्री होते हुए मिला तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि सफाई व्यवस्था संतोष जनक नहीं मिली है। संबंधित एजेंसी पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।