लोगों के लिए सोमवार का दिन भी मुश्किल भरा रहेगा। नोट बंदी के बाद बैंकों में मची मारामारी आज भी खत्म नहीं होगी। कानपुर से बैंकों को कैश नहीं भेजा गया है। बैंकों की तिजोरी तो खाली ही है एटीएम भी जवाब दे गए हैं।
बैंकों के बाहर लगी लंबी लाइनों और एटीएम मशीनों के बाहर धक्का-मुक्की और खींचतान का नजारा सोमवार को भी आम होगा। इसकी सबसे बड़ी वजह कानपुर मुख्यालय से कैश का न मिलना है।
बीते चार दिनों से मथुरा नकदी के लिए कानपुर का मुंह ताक रहा है। बैंक प्रबंधकों ने मुख्यालय को साफ तौर पर बता दिया है कि अगर धनराशि नहीं मिली तो हालत खराब हो सकते हैं। बीते तीन दिनों से बैंक प्रबंधक जैसे-तैसे काम चला रहे हैं। वर्तमान में अधिकांश बैंकों में कैश समाप्त हो चुका है। बावजूद इसके रविवार देर रात तक मथुरा को नकदी के नाम पर कुछ भी नहीं मिला है।
जिला अग्रणी प्रबंधक एके प्रसाद ने बताया कि हमने मुख्यालय को अवगत कराया है और कानपुर के भी लगातार संपर्क में हैं। इस बीच लोगों को राहत देने के लिए स्थानीय स्तर पर धनराशि का समायोजन किया गया है। सोमवार को भी लोगों को नकदी निकासी के माध्यम से राहत दी जाएगी।