बरसाना। बरसाना में 19 सितंबर को राधाष्टमी पर लाडलीजी का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद राधारानी के प्राकट्योत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। धाम को सजाने-संवारने के साथ अतिथि गृहों और धर्मशालाओं में बुकिंग हो चुकी है।
देशभर से श्रद्धालु लाडो के जन्म के साक्षी बनने बरसाना पहुंचेंगे। श्रीजी मंदिर सहित प्रमुख स्थलों को सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं। राधाष्टमी के साथ ही 18 से 26 सितंबर तक नौ दिवसीय बूढ़ी लीला महोत्सव भी आयोजित होगा।
इस महोत्सव में बरसाना और आसपास के विभिन्न लीला स्थलों पर राधा-कृष्ण की लीलाएं साकार होंगी। इनमें चित्रा सखी मंदिर, गोपाल कुटी, मोर कुटी, विलासगढ़, नागाजी कुंज और गाजीपुर शामिल हैं। ऊंचागांव (बिहावल), प्रियाकुंड डोंगा बरसाना, सांकरी खोर, कदम खंडी और करहला भी लीला स्थलों में शामिल हैं। सभी लीलाएं सुबह नौ बजे से शुरू होंगी।