मथुरा। राजीव भवन में सीडीओ की गाड़ी रोककर वेतन की मांग करने वाले पीआरडी जवानों को आखिरकार दो माह का वेतन मिल गया। सितंबर की शुरुआत में वेतन जारी होने पर जवानों ने खुशी जताई।
जिला युवा कल्याण अधिकारी के सेवानिवृत्त होने व नई तैनाती न होने से पद दो माह तक रिक्त रहा। इसके चलते पीआरडी जवानों का दो माह का वेतन अटक गया था। करीब दो दर्जन जवान 25 अगस्त को राजीव भवन में कार्यालय से जाते समय सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता की गाड़ी के आगे खड़े हो गए। उन्होंने सीडीओ से रक्षाबंधन से पहले वेतन दिलाने की मांग की। हालांकि रक्षाबंधन तक उन्हें वेतन भुगतान नहीं हो सका। अब विभाग के उपनिदेशक, आगरा ने मथुरा कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार संभाला लिया है। इसके बाद सितंबर माह की शुरुआत में ही सभी जवानों और कर्मचारियों का वेतन जारी कर दिया गया है।
वर्जन
पदभार ग्रहण करने के ठीक अगले दिन सभी पीआरडी जवानों एवं अन्य कर्मचारियों का वेतन उनके खातों में स्थानांतरित करा दिया है। अब उन्हें नियमित वेतन भुगतान होता रहेगा। -विवेक चंद्र श्रीवास्तव, उप निदेशक, पीआरडी आगरा