सोमवार को मथुरा पहुंचे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भाजपा पर खूब बरसे। पहले जवाहर बाग और फिर कैराना के मुद्दे पर भाजपा नेताओं को घेरा और कहा कि इस समय भाजपा के पास कोई मुद्दा तो है नहीं लिहाजा जवाहर बाग और कैराना के बहाने प्रदेश का माहौल बिगाड़ना चाहते हैं।
पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कैराना में किसी हिंदू परिवार ने पलायन नहीं किया है। भाजपा के नेता जो नाम गिना रहे हैं, वह तो कई साल पहले चले गए थे। हमने पूरी जांच करा ली है। कोई परिवार पंद्रह साल पहले चला गया था तो कोई बीस साल पहले। अब इस मामले को उठाने का क्या मतलब है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा प्रदेश में माहौल बिगाड़ने की साजिश रच रही है। ऐसे में सभी को सावधान रहना होगा।
जवाहर बाग जैसे मुद्दे पर सियासत कतई नहीं होनी चाहिए थी। इस प्रकार के मामलों को चुनावी मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि मुद्दा बनाएंगे भी क्या। भाजपा पर कुछ है भी तो नहीं। जनता के लिए काम कुछ किया नहीं है। फिर उनके बीच कैसे जाएंगे। लिहाजा समाज को तोड़ने वाले मुद्दे बनाकर जनता को लड़ाने की साजिश रची जा रही है जिसे प्रदेश सरकार नहीं होने देगी। केंद्र सरकार भी सिर्फ बातें कर रही है कोई काम तो आज तक हुआ नहीं है। जनता को अभी तक क्या मिला है। अब तो पब्लिक भी पूछने लगी है कि आखिर वो अच्छे दिन कब आएंगे।