वन रैंक-वन पेंशन (ओआरओपी) के मुद्दे ने गुरुवार को जिले का राजनीतिक माहौल गरमाए रखा। कांग्रेस ने राहुल गांधी को हिरासत को दिल्ली में आपातकाल की संज्ञा दी। विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। रालोद ने मामले में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और डीएम को ज्ञापन सौंपा। आप ने भी मामले में प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया।
जिला युवा कांग्रेस ने होलीगेट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में नारे लगाते हुए पुतला दहन किया। अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी सैनिकों का उत्पीड़न करने में कोई भी कसर नहीं छोड़ रहे। युवा कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं करेंगी। मनोज गौड़, राहुल अरोरा, अजय शर्मा, जिलानी कादरी, अरुण भारती, कृष्णा माहौर, बिहारीलाल, दीपक करोतिया आदि उपस्थित रहे।
छाता में तहसील गेट पर प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया। बाद में हुई नुक्कड़ सभा में हेमकुमार गुप्ता, जिला महामंत्री खगुल भारद्वाज ने कहा कि राहुल को हिरासत में लिए जाने से बदले की भावना प्रकट होती है। नगर अध्यक्ष आसिफ कुरैशी, कोसी नगर अध्यक्ष दिनेश दीक्षित, नगर उपाध्यक्ष छिद्दी सिंह, जालिम सिंह, नीरज गुप्ता, गौरव शास्त्री, टीकम सिंह, प्रेम सिंह आदि उपस्थित रहे।
राया में युवा कांग्रेस के बलदेव विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष सरवन अहमद के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। अशोक कुमार, दीपक वर्मा, आदिल खान, गौरव वर्मा, रिंकू चौधरी आदि ने राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर रोष जताया।