वृंदावन। मंदिरों में श्रद्धालुओं के मोबाइल चोरी पर लगाम लगाने और गुम मोबाइलों की तलाश के लिए पुलिस ने योजना बनाई है, जिसमें मोबाइल चोरी की शिकायत आने पर सात दिनों के अंदर सर्विलांस के लिए भेजा जाएगा। मोबाइलों पर हो रही कार्रवाई कराने के साथ ही उस पर नजर रखने के लिए एक एसआई को नोडल अधिकारी बनाया है।
वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर, राधावल्लभ मंदिर समेत अन्य मंदिरों में भीड़ का फायदा उठाते हुए श्रद्धालुओं की जेब से मोबाइल और पर्स चोरी की घटनाएं प्रतिदिन हो रही हैं, जिसकी शिकायत श्रद्धालु पुलिस चौकी और कोतवाली करके चले जाते हैं, लेकिन अब इन शिकायतों के जरिए मोबाइल की तलाश के साथ चोरों पर शिकंजा कसने के लिए योजना तैयार की है।
कोतवाली प्रभारी द्वारा बनाई गई योजना के अनुसार वृंदावन में चोरी ओर गुम हुए मोबाइल की जांच को केंद्रीयकरण किया गया है। इसके लिए एसआई रोहित कुमार को नोडल अधिकारी बनाया है। वृंदावन की सभी पुलिस चौकी और थाने में मोबाइलों के चोरी और गुम होने की शिकायतों की एक रिपोर्ट बनाकर सर्विलांस कार्यालय भेजेंगे। सर्विलांस पर मोबाइलों की लोकेशन और एक्टिीवेशन की जानकारी लेते रहेंगे और उस पर कार्रवाई संबंधित पुलिस चौकी प्रभारी से कराएंगे। इस कार्य में कोतवाली में तैनात कंप्यूटर के जानकार धीरज कुंंडू की भी मदद ली जाएगी, जो कि सभी मोबाइलों से संबंधित सभी जानकारी कंप्यूटर में दर्ज करेंगे।
कोतवाली प्रभारी आनंद कुमार शाही ने बताया कि वृंदावन के मंदिरों और भीड़ वाले क्षेत्रों में चोरी और गुम मोबाइलों की तलाश और चोरों पर शिकंजा कसने के लिए योजना बनाई है। इस कार्य के लिए एसआई रोहित कुमार को नोडल बनाया गया है।