मथुरा। झालरों की रोशनी से जगमगाता होलीगेट।
- फोटो : mathura
मथुरा। गणतंत्र दिवस पर रविवार को सरकारी भवनों, शिक्षण संस्थाओं, महापुरुषों की प्रतिमाओं सहित अन्य स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। वहीं, पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस पर भव्य परेड आयोजित की जाएगी। इसके लिए परेड ग्राउंड को शानदार ढंग से सजाया गया है। पर्व की पूर्व संध्या पर शनिवार को सभी सरकारी भवन और महापुरुषों की प्रतिमाएं सतरंगी रोशनी से जगमगा उठीं।
कलेक्ट्रेट पर जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह सुबह झंडा फहराएंगे। यहां बनाई गई आकर्षक रंगोली अलग ही छटा बिखेर रही है। कलेक्ट्रेट भवन रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से जगमगाया। वहीं विकास भवन, पुलिस ऑफिस, सीएमओ ऑफिस सहित अन्य स्थानों पर भी भव्य तैयारियां की गई हैं। राष्ट्र नायकों की प्रतिमाओं पर सतरंगी रोशनी की गई। इनके अलावा स्कूल-कॉलेजों में गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम होंगे।