मथुरा। छात्र हत्याकांड के खुलासे के करीब पुलिस पहुंच गई है। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। महिला से प्रेम प्रसंग में छात्र की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जांच के दौरान छात्र के परिचितों, दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की है। इसके अलावा छात्र की कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की गई। घटनास्थल व अन्य स्थानों के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर संदिग्धों की गतिविधियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर हत्यारों की शिनाख्त की गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का कारण माना जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया है कि छात्र का एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला के पति को इसकी भनक लग गई थी। हालांकि सीओ भूषण वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कई बिंदुओं पर जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
ये था मामला-
गोवर्धन थाना क्षेत्र के नीमगांव निवासी छात्र विपिन का शव धौरेरा के जंगल में स्थित कोठरी में मिला था। शव के पास धारदार हथियार और 50 मीटर दूर बाइक भी बरामद की गई थी। परिजन की शिकायत पर पुलिस जैंत पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।