कोसीकलां (मथुरा)। एक ट्रांसपोर्टर से रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़कर चालान कर दिया। जबकि पीड़ित के भाई का आरोप है कि दोनों को झूठे मामले में फंसाया है।
रोहित शर्मा निवासी 844 पश्चिम पुरी आगरा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि उनका ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय है। दिल्ली से आगरा आदि जगह माल लेकर गाड़ियां जाती हैं। गत दिन एक ट्रक दिल्ली से माल लेकर आगरा आ रहा था। आरोप है कि रास्ते में जसवंत सिंह व मुरारीलाल निवासी छाता पिछले काफी समय से मोबाइल पर चौथ वसूली की मांग कर रहे थे। चौथ न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
शुक्रवार को प्रात: 5 बजे उनकी गाड़ी के चालक ने बताया कि उसके वाहन का कोई पीछा कर रहा है। सूचना पर वह कोटवन बॉर्डर पहुंचे जहां जसवंत व मुरारीलाल आ गए। आरोप है कि जसवंत ने साथियों के साथ तमंचा लहराकर कहा की अगर चौथ नहीं दोगे तो तुम्हें जान से मार देंगे। प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी जसवंत सिंह निवासी बरसाना रोड, छाता व मुरारीलाल निवासी मोहल्ला नगला थोक, छाता को पकड़कर चालान कर दिया।
इधर, पीड़ित जसवंत के भाई नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन जगपाल सिंह चौधरी ने जसवंत व मुरारीलाल को झूठा फंसाने का आरोप लगाया है। कहा कि जसवंत घटना के समय घर पर मौजूद था। जिसके सीसीटीवी फुटेज मौजूद हैं। इसके अलावा जिस गाड़ी का नंबर रिपोर्ट में दर्ज कराया गया है इस नंबर की कोई गाड़ी पिछले चार दिनों से टोल टैक्स से नहीं निकली। इससे पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं।