प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जयसिंह पुरा और अब्दुल नवीपुर की यमुना खादर मे डूडा द्वारा चि?
- फोटो : MATHURA
मथुरा। यमुना की खादर में प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास बनने संबंधी खबर अमर उजाला में छपने के बाद डूडा अधिकारियों की नींद उड़ गई है। वह अपने ही द्वारा बनवाए मकानों की जांच में जुट गए हैं। बुधवार और बृहस्पतिवार को उनके द्वारा जयसिंहपुरा खादर तथा अब्दुलनवीपुर की यमुना खादर में बने मकानों की जांच में जुटे रहे। उनके द्वारा ऐसे मकानों का चिह्नीकरण किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत डूडा द्वारा ढाई-ढाई लाख रुपये दिए जा रहे हैं। इसके लिए कोई भी आवेदन कर सकता है। डूडा ने अपने कार्यालय में आए हुए आवेदनों को आंख मूंदकर ढाई-ढाई लाख रुपये दे दिए हैं। इसके चलते उनके द्वारा यमुना की खादर में प्रधानमंत्री आवास योजना के आवास बना लिए गए हैं। इस संबंध में अमर उजाला द्वारा 15 दिसंबर को समाचार प्रकाशित किया गया था। इसे लेकर नगर आयुक्त रविन्द्र कुमार मांदड़ ने डूडा अधिकारी आरके कौशिक को इस प्रकार के आवासों के जांच करने के निर्देश दिए थे।
नगर आयुक्त के निर्देश पर बुधवार को डूडा के सीएलटीसी इंचार्ज (सिटी लेबल टैक्नीकल सेल) अजीत कुमार अन्य कर्मचारियों के साथ जय सिंह पुरा खादर तथा अब्दुलनवीपुर की खादर पहुंचे। वहां पहुंचकर उनके द्वारा ऐसे मकानों को चिह्नित किया जो कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत यमुना की खादर में बने हैं। उन्होंने करीब 50-55 ऐसे आवास चिह्नित किए। इन मकानों का निर्माण करने वाले व्यक्ति का नाम पते नोट किए। डूडा कार्यालय जल्द ही इन आवासों की जांच कर कर कार्रवाई करेगा।