मथुरा। शहर की सूरत सुधारने के लिए नगर निगम सड़कों को गड्ढा मुक्त कर रहा है। अगस्त में सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ आए तो डैंपियर नगर समेत कई स्थानों पर सड़कों के किनारे इंटर लॉकिंग कराई गई। दो माह भी नहीं बीते कि पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) गैस लाइन के लिए टोरेंट कंपनी ने इस कार्य को खुर्द बुर्द कर दिया। नगर निगम की चेतावनी के बावजूद जगह-जगह गड्ढे खोद डाले।
पिछले सप्ताह इस कंपनी ने चंदनवन में गड्ढे खोदे थे। नगर निगम मथुरा के एक्सईएन अमरेंद्र सिंह के मुताबिक तभी उन्होंने चेतावनी दी थी कि बिना अनुमति यह काम न करें। मंगलवार को कंपनी के कर्मचारियों ने डैंपियर नगर, गोविंद नगर, बालाजी पुरम, न्यू कृष्णा नगर, कृष्णा नगर, राधानगर आदि कॉलोनियों में बिना सूचना दिए गड्ढे खोदकर कार्य शुरू कर दिया। जिन घरों व प्रतिष्ठानों के आगे खुदाई की जा रही है उन्हें भी नहीं बताया गया। लोगों को घर से निकलने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, वाहनों को भी घर के अंदर और बाहर करने में काफी परेशानी हो रही है। सूचना पर मंगलवार को सूचना पर फिर से नगर निगम की टीम ने मौके पर जाकर देखा और चेतावनी दी। एक्सईएन के मुताबिक कंपनी अधिकारियों ने बताया कि उनके पास काम करने की एनओसी है लेकिन देर रात तक भी एनओसी उपलब्ध नहीं कराई गई थी।
ध्यान हटा तो हो जाएंगे हादसे का शिकार
गैस कंपनी द्वारा खोदे गए गड्ढे रात के अंधेरे में वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। इनमें अगर कोई दुपहिया वाहन गिर गया तो चलाने वाले की जान पर आफत तक आ सकती है।
बिना एनओसी काम किया होगा तो मुकदमा दर्ज कराएंगे
मैने टीम को मौके पर भेजा है। यदि इस कंपनी के लोगों ने बिना एनओसी के काम किया होगा तो मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। निगम अधिकारी पहले भी इन्हें चेता चुके हैं कि इस तरह से काम न किया जाए - शशांक चौधरी, नगरायुक्त