मथुरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में स्कूल चलो अभियान फेज-2 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बलदेव विधायक पूरन प्रकाश व विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह ने मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद परिषदीय विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना व स्वागत गान प्रस्तुत किया।
अतिथियों ने शिक्षकों को शत-प्रतिशत नामांकन का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विधायक, सीडीओ पूजा गुप्ता एवं बीएसए रतन कीर्ति ने स्कूल चलो रैली की मशाल प्रज्वलित कर और हरी झंडी दिखाकर विशाल जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली की खास बात यह रही कि मुख्य अतिथि व आला अधिकारियों ने खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) व शिक्षकों के साथ कदम से कदम मिलाकर पैदल मार्च किया। रैली पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर उच्च प्राथमिक विद्यालय, डायट परिसर पर संपन्न हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने बढ़ते नामांकन पर खुशी जताते हुए शिक्षकों को प्रेरित किया। विधायक पूरन प्रकाश ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान पर प्रकाश डालते हुए सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
सीडीओ डॉ. पूजा गुप्ता ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ना हमारी सबसे बड़ी जीत होगी। बीएसए रतन कीर्ति ने सभी का आभार व्यक्त किया और विभाग को और बेहतर बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिले के सभी बीईओ राकेश कुमार, गिरिराज सिंह, कैलाश प्रसाद शुक्ला, बुद्धसेन सिंह, दिनेश कुमार त्रिपाठी, कौशल कुमार, नरेंद्र कुमार, राहुल फौगाट, अतुल पाठक और विनय प्रताप सिंह सहित एसआरजी, एआरपी, डीसी (समेकित शिक्षा) और में शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
-
पैरों से लिखा, कीपैड पर चलाईं उंगलियां, हर कोई रह गया दंग
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब मूक-बधिर बच्चों ने सांकेतिक भाषा में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। वहीं, दो दृष्टिबाधित बच्चों ने कीपैड पर तेजी से टाइपिंग कर और बिना हाथ वाले एक दिव्यांग बच्चे ने पैर से सुंदर लेखन कर सबको हैरान कर दिया। बच्चों का यह अनूठा हौसला देख विधायक पूरन प्रकाश भावुक हो गए। उन्होंने मंच से ही बच्चों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की अऔर पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया।