मथुरा। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक लेते कमिश्नर शैलेंद्र कुमार सिंह।
- फोटो : mathura
उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद के सभागार में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक हुई। एमवीडीए के उपाध्यक्ष एसबी सिंह ने बताया कि फरह के रहीमपुर में आवासीय योजना में रेसीडेंसीयल, कमर्शियल, अस्पताल, वेयर हाउस, थीमपार्क, रिसोर्ट, वेलनेस रिसोर्ट, आयुर्वेदिक हॉस्पिटल, फूड प्लाजा, फैक्ट्री आउटलेट, शैक्षणिक क्षेत्र एसटीपी प्लांट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने दो मुख्य 30 मीटर के मार्गों को आपस में कनेक्ट करने का सुझाव दिया। नगर आयुक्त शशांक चौधरी ने सीवर, नाला, कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था के साथ-साथ ड्रेनेज का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। इस परियोजना में 664.70 करोड़ रुपये की लागत आएगी। विभाग ने इसके लिए जमीन अधिग्रहण कार्य शुरू कर दिया है। इस दौरान सदस्य राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग भारत सरकार के भुवन भूषण कमल, गैर सरकारी सदस्य नवीन मित्तल, डीएन गौतम, एमवीडीए के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह, सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी, ओएसडी प्रसून्न द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अवैध अतिक्रमण पर सख्ती बरतें अधिकारी
बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने एमवीडीए के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अवैध निर्माण को पूर्ण रूप से रुकवाया जाए। साथ ही मंडलायुक्त ने रुक्मिणी विहार योजना के प्लॉटों की ई-नीलामी को पुनः कराने के निर्देश दिए हैं और सिक्योरिटी रकम को बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं। कहा है कि ऐसा सिस्टम तैयार करें कि प्रति अगली बोली की रकम पहले से ही तय हो। इसके अलावा अवैध अतिक्रमण व नियमित निरीक्षण समेत अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी
- 300 वर्ग मीटर से ऊपर स्वीकृत मानचित्र के भूखंडों में रेन वाटरहार्वेस्टिंग बनाने के लिए सिक्योरिटी रकम दोगुनी करने के प्रस्ताव पास।
- सुनरख बांगर में पर्यटन नीति के तहत भू-उपयोग को परिवर्तित करते हुए होटल बनाने के प्रस्ताव को मिली मंजूरी।
- फरह के 5 गांव परखम, जमालपुर, मीरपुर, धानाखेमा तथा मुस्तफाबाद को प्राधिकरण में शामिल करने का प्रस्ताव पास।
- छाता तहसील में तीन क्षेत्रों में पेट्रोल पंप लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली।