‘टॉयलेट: एक प्रेमकथा’ फिल्म का विरोध थमता नजर नहीं आ रहा। रविवार को एक बैठक में फिल्म से नंदगांव, बरसाना के संबंध में भ्रामक दृश्य और तथ्य हटाने की मांग की गई। ऐसा न करने पर बरसाना में दो दिसंबर से भूख हड़ताल का एलान किया गया।
परिक्रमा मार्ग स्थित वैरागी बाबा आश्रम में नंदगांव-बरसाना के लोगों और भगत सिंह क्रांति दल की बैठक में चतु: विरक्त वैष्णव परिषद के महंत फूलडोल बिहारीदास महाराज ने कहा कि फिल्म का निर्माण सनातन धर्म की संस्कृति, संस्कारों और परंपराओं के विरुद्ध किया जा रहा है। ऐसी फिल्म को हम कभी भी बर्दास्त नहीं करेंगे।
महंत हरिबोल बाबा महाराज और स्वामी आदित्यानंद महाराज ने कहा कि नंदगांव और बरसाना में सदियों से कोई वैवाहिक संबंध न होने की परंपरा के खिलाफ जाते हुए इस फिल्म में दोनों गांवों के बीच वैवाहिक संबंधों का भ्रामक दृश्य दिखाकर ब्रजवासियों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई।
वहीं भगत सिंह क्रांति दल के अध्यक्ष पदम सिंह फौजी ने कहा कि यदि 30 नवंबर तक ब्रज में फिल्म की शूटिंग पर प्रशासन ने रोक नहीं लगाई तो वह 2 दिसंबर से बरसाना में भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।
इस अवसर पर घनश्याम, गोविंदराम, महंत रामकरण दास, किशन बिहारी गोस्वामी, राधारमण, मुकेश गोस्वामी, गोपाल बाबा, लक्ष्मण प्रसाद, चंद्रभान, दिनेश आदि उपस्थित रहे।