क्षेत्र के गांव मुन्नी का नगला में रविवार की शाम एक प्लाट में डाली गई मिट्टी में चांदी के सिक्के मिलने से इलाके में खलबली मच गई। मिट्टी में सिक्के तलाशने को लोग जुट गए। जिसके हाथ जो लगा, वह ले भागा। मिले सिक्कों में ज्यादातर एक एक रुपये के ही हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खेत की खोदाई बंद करा दी है।
फरह क्षेत्र के गांव मुन्नी का नगला में शाम को करीब पांच बजे उस वक्त हल्ला मचा, जब पिल्सो के प्लाट में पड़ी मिट्टी में समीप खेल रहे बच्चों को वहां चांदी के सिक्के दिखे। बच्चे मिट्टी में सिक्का ढूढने लगे। धीरे-धीरे इसकी भनक पूरे गांव में पहुंच गई, तो भीड़ लग गई।
आसपास के लोगों ने भी मिट्टी में सिक्के की तलाश की। इस दौरान जिसके हाथ जितने सिक्के लगे, वह उसे चुपचाप ले भागा। कुल कितने सिक्के मिले हैं। यह कोई नहीं जानता है, लेकिन चर्चा है कि खेलने के दौरान बच्चों ने ही करीब 80 से 100 सिक्के पाए थे।
पर, अब बच्चे भी कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। मिट्टी में सिक्के मिलने की सूचना पर इलाकाई पुलिस भी मौके पर पहुंची। पिल्सो ने बताया कि रविवार को ही प्लाट में मिट्टी भराने के लिए उसने थिरावली गांव में छिद्दन के खेत से मिट्टी मंगाई थी। पुलिस ने थिरावली गांव जाकर खेत भी देखा और छिद्दन से खेत की खुदाई नहीं कराने का निर्देश दिया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस खेत की सुरक्षा में लगी रही।