मथुरा। बदलते मौसम के कारण वायरल फीवर के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल के साथ ही निजी अस्पतालों में भी कुछ ऐसी ही स्थिति है। करीब एक सप्ताह से मौसम जनित बीमारियों से ग्रसित मरीजों की संख्या में दोगुना इजाफा हो गया है। सबसे अधिक वायरल बुखार, सर्दी, खासी, पेट दर्द, डायरिया आदि की चपेट में लोग आ रहे हैं।
जिला अस्पताल में सुबह से लेकर दोपहर तक पंजीकरण व दवा काउंटर पर लंबी-लंबी लाइन लगी रही है। सीएमएस डॉ. मुकुंद बंसल ने बताया कि मौसम जनित बीमारियों के सामान्य दिनों में लगभग 70-80 मरीज आते हैं, लेकिन अब इनकी संख्या दोगुनी हो गई है।
प्रतिदिन 150 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। बदलते मौसम में सबसे अधिक बच्चे बीमार पड़े रहे हैं। तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने से वायरल फीवर की चपेट में बच्चे अधिक प्रभावित होते हैं क्योंकि बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है।
काउंटर पर लगी भीड़
जिला अस्पताल में औसतन 1300 से अधिक मरीज अपने उपचार के लिए यहां पहुंच रहे हैं। महिला एवं पुरुष के दो अलग-अलग काउंटर होने के बाद भी यहां पर्चा बनवाने के लिए काफी भीड़ लगी रहती है।
ऐसे करें बचाव
डॉ. भारती गर्ग ने बताया कि वायरल बुखार कम से कम पांच दिनों तक रहता है। सिर दर्द, जुकाम, खांसी संबंधी समस्या भी अधिक है। ऐसे में सुपाच्य भोजन करें। ठंडे पानी पीने से बचें और रात को मच्छरदानी का प्रयोग करें। सर्दी जुकाम होने पर सबसे पहले हम चिकित्सक से परामर्श लें। चिकित्सक की सलाह पर दी दवा का सेवन करें।