मथुरा के बलदेव में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 127 किलोमीटर पर नोएडा से आगरा जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 18 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मथुरा के बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सोमवार रात करीब रात 1.15 पर बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से रायबरेली जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें 18 यात्री घायल हो गए। हादसा ड्राइवर को झपकी आने से हुआ। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा है। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा के एसएन हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
विज्ञापन
बस में करीब 30-35 यात्री मौजूद थे। प्रभारी निरीक्षक रंजना सचान मय फोर्स मौके पर पहुंच गईं। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। शेष यात्रियों को अन्य वाहनों के माध्यम से गंतव्य की ओर रवाना किया गया है। घायलों में रायबरेली के महाराजपुर निवासी अनूप (35), धीरज (32), मनीष (25), शिवा (20), नीरज (19), कुसुम, प्रियांशु (12), लड्डू (6), पिंकी (28), मिथलेश (35), गांव लौनार निवासी रोहिणी (22), शिवगढ़ निवासी संतराम (35), नरायन का बेटा रूद्रांश नायक (6), अमेठी के थाना मोहनगंज क्षेत्र निवासी रामहेत (30), शनि (52), गयाप्रसाद (45), अवधेश का बेटा आयुष कुमार (7 माह), प्रियंका (18), सरोज और दिल्ली के छतरपुर निवासी रविंद्र (28) शामिल हैं। इनमें से प्रियंका और रविंद्र की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर किया गया है।