राधाकुंड। छोटे हनुमान मंदिर स्थित राधा रानी कुंड पर रविवार को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में युवाओं के साथ ही 50 वर्ष तक की उम्र के प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर तैराकी में अपना दमखम दिखाया। आयोजन समाजसेवी दिनेश कुमार मिश्रा और श्याम सुंदर मिश्रा द्वारा कराया गया।
तैराकी प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में आयोजित किया गया। जूनियर वर्ग में 18 से 25 वर्ष तथा सीनियर वर्ग में 26 से 50 वर्ष तक के प्रतिभागियों ने भाग लिया। सीनियर वर्ग में राहुल चौधरी ने प्रथम, गोपाल गोस्वामी ने द्वितीय और छोटू मुखिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं जूनियर वर्ग में अनिल बघेल प्रथम, मयंक गोस्वामी द्वितीय और आकाश तंवर तृतीय स्थान पर रहे। आयोजकों की ओर से दोनों वर्गों के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को चार बर्नर ग्लास गैस स्टोव, द्वितीय को तीन बर्नर तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को दो बर्नर ग्लास गैस स्टोव पुरस्कार के रूप में दिए गए।
इसके अलावा दोनों पालियों में प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए सात-सात प्रतिभागियों को प्रोत्साहन पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता का संचालन भोला दुबे, विष्णु शुक्ला ने किया। आयोजकों ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं और स्थानीय लोगों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। इस मौके पर अध्यक्ष रामफल मुंशी, अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष लंबरदार, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश गौंड, डॉ विष्णु रावत, चंद विनोद कौशिक, नवीन शर्मा, एंड केसी गौंड पवन मिश्रा, प्रभात मिश्रा, रमेश कौशिक आदि मौजूद रहे।