- नंदगांव में फिल्म टायलेट एक प्रेम कथा की शूटिंग
- चक्की वाली धर्मशाला के टी प्वाइंट पर सीन किया गया शूट
केशव को बाइक पर इधर-उधर घूमना भारी पड़ गया। बाइक से उतरते ही बाबूजी नाराज हो गए और केशव पर बरस पड़े कि सारा दिन बाइक पर ही घूमता है, कुछ काम-धाम नहीं करता। ये डायलॉग उस सीन के हैं जो डायरेक्टर नीरज पांडेय की फिल्म ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ में गुरुवार को फिल्माया गया। फिल्म में केशव का किरदार बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार निभा रहे हैं।
गुरुवार को शाम तीन बजे ज्ञान मोहल्ला स्थित चक्की वाली धर्मशाला के टी प्वाइंट पर फिल्म के सीन का शूट किया गया। इस दौरान दर्शक करीब 300 फीट दूर रहे। प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छता अभियान से प्रेरित इस फिल्म में अभिनेत्री भूमि पेडेनकर हैं। शूटिंग नंदगांव में एक पखवाडे़ से भी अधिक चलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि पिछले सीन की शूटिंग में हीरो-हीरोइन का विवाह हो चुका है और एक तांत्रिक के कहने पर तलाक भी हो गया है। अब फिल्म में केशव का किरदार निभा रहे अक्षय का दिल मुंबई की एक लड़की पर आ गया है। अक्षय मुंबई की लड़की से शादी करने का प्रस्ताव बाबू जी के सामने रख चुके हैं।
सुधीर पंाडे निभा रहे हैं अक्षय के बाबूजी का किरदार
फिल्म ‘टॉयलेट एक प्रेम कथा’ में अक्षय कुमार के बाबूजी की भूमिका सुधीर पांडे निभा रहे हैं। इससे पहले सुधीर पांडे मुंबई टू गोवा और अन्य हिट फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। फिल्म में सुधीर को लंबी चोटी और कुर्ता धोती पहने पूजा पाठ करने वाला गांव का सम्मानित व्यक्ति दर्शाया गया है। शूटिंग के पांचवें दिन अक्षय ने एक बार फिर भैंसों को नहलाया। मोहनश्याम नामक स्थानीय युवक की भैंसों को अक्षय ने साबुन और सर्फ से अच्छी तरह नहला कर चमका दिया।
स्थानीय लोगों को हो रही है परेशानी
नंदगांव में बॉलीवुड सुपर स्टार अक्षय कुमार की शूटिंग होना गौरव की बात है लेकिन फिल्म सिटी के आसपास लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनकी दिनचर्या में परिवर्तन आ गया है। खेती प्रधान गांव में किसानों को खेती से जुडे़ वाहनों के आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिन लोगों के नौहरे, घर आदि हैं उनको भी आवागमन में दिक्कत उठानी पड़ रही है।