मथुरा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत शनिवार को जनपद के सभी 2263 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान के शिविर शुरू हो गए। बीएलओ बूथों पर पहुंचे, लेकिन पहले दिन जमीनी स्तर पर लोगों में उत्साह कम दिखाई दिया। कुल 6 हजार फॉर्म नाम जोड़ने के लिए भरे गए।
कई मतदान केंद्रों पर बीएलओ निर्धारित समय पर मुस्तैद दिखे और मतदाताओं के फॉर्म भरवाते नजर आए, वहीं कुछ स्थानों पर शुरुआती घंटों में सन्नाटा पसरा रहा। वीडीपी जीआईसी मतदेय स्थल पर दोपहर 2 बजे तक करीब 12 फॉर्म भरे गए, वहीं सेठ बीएन पोद्दार कॉलेज पर करीब 10 फॉर्म भरे गए।
प्रशासन ने 1105 मतदान केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का विशेष जोर युवाओं, महिलाओं और छूटे हुए पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने पर है। दावे एवं आपत्तियां 16 दिसंबर तक ली जाएंगी, जिनका निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा और अंतिम सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।
सात समंदर पार पढ़ाई, फिर भी जड़ों और लोकतंत्र से जुड़ाव
विशेष अभियान के पहले दिन मथुरा के वीडीपी जीआईसी मतदेय स्थल पर अमेरिका (यूएस) में पढ़ाई कर रहे मूल रूप से मथुरा के जनरलगंज निवासी शोभित चतुर्वेदी व साकेत चतुर्वेदी पहली बार मतदाता बनने के लिए फॉर्म भरने पहुंचे। युवाओं ने अपने गृह जनपद की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए बीएलओ शिवांगी गुप्ता के पास पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया पूरी की। उन्होंने कहा भले ही हम पढ़ाई के सिलसिले में अमेरिका में रह रहे हैं, लेकिन हमारा मन और जड़ें मथुरा से जुड़ी हैं। विशेष अभियान की जानकारी मिलने पर हमने सबसे पहले अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का फैसला किया।
आज भी लगेंगे कैंप, जानें कौन-सा फॉर्म जरूरी
छुट्टी के दिन 22 नवंबर को भी सभी 2263 बूथों पर शिविर लगेंगे। नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। नागरिक voters.eci.gov.in या mathura.nic.in के डीईओ पोर्टल पर अपनी विधानसभा चुनकर सूची भी देख सकते हैं।
लिंगानुपात की चुनौती
जनपद में कुल 1705238 मतदाता हैं, जिनमें 930757 पुरुष, 774443 महिलाएं और 38 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक पुरुषों के मुकाबले 156314 महिला मतदाता कम हैं। इस अंतर को पाटने के लिए महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर खास फोकस किया जा रहा है।