नौहझील। थाना क्षेत्र के गांव नावली में रंजिशन दबंगों ने एक ईंट भट्ठे में पानी छोड़ दिया। इससे भट्ठा मालिक को लाखों रुपयों का नुकसान हो गया। पीड़ित की ओर से नामजद पिता और पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
गांव नावली निवासी विजय पाल सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर किराए पर ईंट भट्ठा लिया था। पीड़ित के अनुसार उन्होंने मनोज कुमार नाम के व्यक्ति की जमीन पर करीब 2 लाख 12 हजार ईंटें पथाई कराकर एकत्रित की थीं। आरोप है कि पड़ोस के खेत मालिक चन्द्रपाल और उसके बेटे नीरज ने जानबूझकर 5 फरवरी की रात को नहर का पानी अवैध रूप से काट दिया। पानी भट्ठे में भरने के कारण तैयार की गई सारी ईंटें नष्ट हो गईं, जिससे पीड़ित को करीब 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
आरोप है कि अगले दिन जब पीड़ित ने चंद्रपाल और नीरज से ईंटें बर्बाद करने का कारण पूछा तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद पिता-पुत्र के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद